बिहार में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या देश के दूसरे राज्यों से ज्यादा है। पुलिस अवर निरीक्षक के दीक्षांत समारोह में एक साथ 596 महिला पुलिस पदाधिकारियों के शामिल होने पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह कोई मामूली बात नहीं है। आज बिहार में महिला पुलिसकर्मी जितनी बड़ी संख्या में हैं, देश के किसी राज्य में इतनी नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने महिलाओं के विकास के लिए काम किया। हमें जब मौका मिला तो पंचायत में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर इसकी शुरुआत की। पढ़ाई-लिखाई से लेकर नौकरी तक की व्यवस्था की। पुलिस में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया। फिर अन्य सभी नौकरियों में महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि आज बिहार में जहां भी जाइए बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी दिखाई देती हैं। कहा कि महिलाएं आगे बढ़ीं तो समाज में कितना बदलाव आया है।
महिलाओं की मांग पर की शराबबंदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की मांग पर ही उन्होंने वर्ष 2016 में बिहार में शराबबंदी लागू की। प्रशिक्षण पूरा कर चुके पुलिस अवर निरीक्षकों से कहा कि कुछ लोग हैं जो बाएं-दाएं गड़बड़ करनेवाले हैं। पकड़े भी जाते हैं। शराबबंदी के लिए निश्चित तौर पर प्रयास करना है, इसे मजबूती से मन में बैठा लीजिए। अब तो पुलिस में भी बड़ी ज्यादा संख्या में महिलाएं आ गई हैं। गांव-गांव में कौन क्या कर रहा है, इसकी जानकारी होनी चाहिए। जो गड़बड़ करता है उसपर कार्रवाई करें।
सब अच्छे से कीजिए, लोगों का भरोसा बढ़ेगा
मुख्यमंत्री ने पुलिस अवर निरीक्षकों से कहा कि आप खूब आगे बढ़िए। इसके साथ-साथ अपने परिवार और राज्य को भी आगे बढ़ाइए। अपने दायित्वों को अच्छे से पूरा कीजिए, इससे लोगों का भरोसा बढ़ेगा। यही हमारी आपसे उम्मीद है।
कोरोना पर भी लोगों को चेताया
मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण पर भी लोगों को सर्तक रहने की सलाह दी। कहा कि अब सबकुछ खुल गया है। पहली और दूसरी लहर चली गई है पर देश-दुनिया में तीसरी लहर की आशंका जताई गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना का दौर आया तो बिहार ने इससे लोगों को बचाने के लिए हर उपाए किया।
बड़े पैमाने पर टीकाकरण और जांच कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि मास्क लगाएं, दूरी रखें और साबुन से हाथ को साफ करते रहें। उन्होंने कहा कि समारोह में काफी लोग आए हैं पर सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा। कई लोगों ने मास्क भी नहीं लगाया है। हमें सतर्कता बरते हुए गाइडलाइन का पालन करना है।